गोपालगंज: लगातार दो दिनों की बारिश के बाद प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित शिक्षा विभाग कार्यालय में जलजमाव से नारकीय स्थिति उत्पन्न हो गई है. कार्यालय परिसर पूरी तरह पानी से घिर गया है, जिससे रोजाना आने वाले शिक्षकों, कर्मियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
कार्यालय तक पहुंचना बना चुनौती
मुख्य सड़क पर आवागमन सामान्य है, लेकिन शिक्षा विभाग कार्यालय तक जाने वाले मार्ग पर पानी भर जाने से कर्मचारियों और शिक्षकों को काफी दिक्कत हो रही है. लोग गड्ढों में मिट्टी डालकर और उसके सहारे किसी तरह कार्यालय तक पहुंच रहे हैं.
फिसलन से हादसे का खतरा
परिसर में जमा पानी और कीचड़ के कारण हर समय फिसलन बनी हुई है. इससे कर्मचारियों और शिक्षकों के गिरकर चोटिल होने की आशंका बनी रहती है. बारिश के बाद हुए जलजमाव ने कार्यालय परिसर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है.
संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका
लंबे समय तक पानी जमा रहने से बदबू फैलने लगी है. कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है.
शिक्षकों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
जलजमाव से परेशान शिक्षकों और कर्मचारियों ने शिक्षा विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से कार्यालय परिसर में जमा पानी की तत्काल निकासी कराने और मुख्य सड़क से कार्यालय तक जाने वाले मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
