गोपालगंज में 255 शिक्षकों की ट्रेनिंग, तीन बार बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य; मोबाइल पर भी रोक

गोपालगंज के डायट थावे में शिक्षकों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू। लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, बायोमेट्रिक हाजिरी और ड्रेस कोड अनिवार्य किया गया।

Gopalganj News : सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के प्रशिक्षण को लेकर सख्ती बढ़ा दी है. सोमवार 7 सितंबर से जिले के 255 शिक्षक-शिक्षिकाओं का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू होगा. प्रशिक्षण 11 सितंबर तक चलेगा. इसमें मध्य विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक पढ़ाने वाले 65 पीबीएल शिक्षक तथा प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में कक्षा तीन से पांच तक पढ़ाने वाले 190 शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल होंगे. विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण में लापरवाही, बिना सूचना अनुपस्थित रहने या निर्धारित नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी.

एक ही केंद्र पर 255 शिक्षक, देर से पहुंचे तो नो एंट्री

समग्र शिक्षा विभाग के डीपीओ शिवम ने बताया कि सभी 255 शिक्षकों के लिए डायट थावे को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है. स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित नहीं हो, इसके लिए शिक्षकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण के लिए भेजा जा रहा है. सभी प्रतिभागियों को रविवार 6 सितंबर की शाम प्रशिक्षण केंद्र पर योगदान देना था. सोमवार सुबह 9 बजे के बाद पहुंचने वाले शिक्षकों को प्रशिक्षण केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा. वहीं, बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर विभागीय कार्रवाई की जायेगी.

तीन बार बायोमेट्रिक हाजिरी, चूके तो देना होगा जवाब

प्रशिक्षण के दौरान फेस रिकॉग्निशन आधारित बायोमेट्रिक मशीन से प्रतिदिन तीन बार उपस्थिति दर्ज करनी होगी. सुबह योग एवं पीटी के बाद, दोपहर के भोजनावकाश में और रात के भोजन के बाद बायोमेट्रिक हाजिरी बनाना अनिवार्य होगा. किसी एक समय की उपस्थिति छूटने पर संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा जायेगा. जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर आधे दिन के वेतन में कटौती की अनुशंसा जिला शिक्षा पदाधिकारी से की जायेगी.

एससीइआरटी ने प्रशिक्षण केंद्रों पर फेस रजिस्ट्रेशन, बायोमेट्रिक मशीन, बिजली और इंटरनेट की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है, ताकि प्रशिक्षण के दौरान उपस्थिति और अन्य गतिविधियों में किसी तरह की परेशानी नहीं हो.

मोबाइल से लेकर फोटो-वीडियो बनाने तक पर रोक

आवासीय प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल, फोटो खींचने और वीडियो बनाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. विभाग ने प्रशिक्षण को लेकर अनुशासन और ड्रेस कोड भी निर्धारित किया है. पुरुष और महिला शिक्षकों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा.

योग और पीटी के लिए भी तय ड्रेस कोड

योग एवं पीटी के समय ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शू पहनना अनिवार्य होगा. प्रशिक्षण के दौरान सामान्य परिस्थितियों में अवकाश नहीं मिलेगा. प्रतिभागियों को प्रशिक्षण की पूरी अवधि में निर्धारित नियमों का पालन करना होगा.

निजी वाहन और बाहरी लोगों के ठहरने पर भी रोक

प्रशिक्षण परिसर में निजी वाहन लाने पर रोक रहेगी. इसके अलावा परिवार के सदस्यों या किसी बाहरी व्यक्ति को प्रशिक्षण परिसर में ठहराने की अनुमति नहीं होगी. आवासीय प्रशिक्षण होने के कारण प्रतिभागियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार हॉस्टल में रहना होगा.

रात 10 बजे के बाद परिसर में आवाजाही बंद

प्रशिक्षण केंद्र में रात 10 बजे के बाद आवाजाही की अनुमति नहीं होगी. रात 10:30 बजे तक सभी प्रतिभागियों के लिए हॉस्टल में रहना अनिवार्य किया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण के दौरान तय नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश कुमार दूबे

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >