गोपालगंज: मांझा अंचल में सीओ के नए आदेश पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की नाराजगी, मुलाकात के दिन बढ़ाने की मांग

मांझा अंचल कार्यालय में सीओ शमा परवीन के नए आदेश से जनप्रतिनिधि और ग्रामीण नाराज हैं. अब सीओ सप्ताह में सिर्फ सोमवार और शुक्रवार को ही आम लोगों से मिलेंगी. इस फैसले से भूमि विवाद और दाखिल-खारिज जैसे मामलों के समाधान में देरी की आशंका है.

Gopalganj News: मांझा अंचल कार्यालय में सीओ शमा परवीन द्वारा जारी नए आदेश को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है. नए आदेश के अनुसार सीओ अब सप्ताह में केवल सोमवार और शुक्रवार को ही आम लोगों से मुलाकात करेंगी, जबकि अन्य दिनों में वे कार्यालय के प्रशासनिक और सरकारी कार्यों का निष्पादन करेंगी.

बुधवार को जनप्रतिनिधि उपेंद्र प्रसाद, मुकेश गिरि, अच्छे लाल कुमार समेत कई ग्रामीण भूमि विवाद, दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व संबंधी मामलों के समाधान के लिए अंचल कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान उन्हें नए आदेश की जानकारी मिली, जिसके बाद लोगों ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई.

ग्रामीणों का कहना है कि मांझा अंचल में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व मामलों की संख्या काफी अधिक है. ऐसे में सप्ताह में केवल दो दिन आम लोगों से मिलने की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है. इससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा.

जनप्रतिनिधियों ने सीओ से आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि जनहित को देखते हुए आम लोगों से मुलाकात के दिनों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि भूमि संबंधी मामलों का समय पर निष्पादन हो सके और लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े.

Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akhil srivastva

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >