गोपालगंज: चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गोपालगंज जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी समीर सौरभ ने की.
बैठक में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) रोहित कुमार, मुख्यालय डीएसपी विजय मिश्र, एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह, सामान्य शाखा प्रभारी अजय कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के अधिकारी और जिले के थानाध्यक्ष मौजूद रहे.
संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी का निर्देश
डीएम समीर सौरभ ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर समय से पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि चेहल्लुम पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए.
उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में जिले की कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए.
सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
बैठक में सोशल मीडिया की लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. डीएम ने कहा कि किसी भी तरह के भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट की जानकारी मिलते ही तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित कर कार्रवाई की जाए.
उन्होंने सतत गश्ती, प्रभावी निगरानी, सुचारू यातायात व्यवस्था और आवश्यक नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.
नियंत्रण कक्ष को देनी होगी नियमित जानकारी
सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा पर्व से जुड़ी प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की जानकारी नियमित रूप से नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
डीएम ने कहा कि प्रशासन, पुलिस, शांति समिति के सदस्यों और आम लोगों के सहयोग से चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को दी जीत की बधाई, 1995 के बाद पहली बार बांकीपुर में हारी बीजेपी
