Gopalganj News: फुलवरिया थाना क्षेत्र के सेलार कला गांव में दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने एक सूने घर का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पीड़ित परिवार सहित पूरे गांव में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही फुलवरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
खेत में धान रोपनी कराने गए थे दंपती
जानकारी के अनुसार सेलार कला गांव निवासी मो. जुमन मियां और उनकी पत्नी धान की रोपनी कराने के लिए खेत गए हुए थे. घर में कोई मौजूद नहीं था. इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में घुसकर आलमारी व बक्सों को खंगाल डाला. इसके बाद नकद राशि और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए.
पटना से पहुंचे पुत्र, चोरी की जानकारी मिलते ही लौटे गांव
घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित के पुत्र सुभान मियां, जो पटना में रहते हैं, तत्काल गांव पहुंचे. उन्होंने बताया कि चोर बक्से में रखे 40 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये मूल्य के पुस्तैनी व नए सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए.
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश
घटना के बाद परिजनों ने आसपास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां कैमरे में दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी हुई है.
पुलिस बोली- जल्द होगा मामले का खुलासा
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. पीड़ित परिवार ने फुलवरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
