Gopalganj News: भोरे प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों सर्पदंश की घटनाओं में अचानक वृद्धि देखने को मिल रही है. बुधवार की रात भोरे रेफरल अस्पताल में सर्पदंश के एक-दो नहीं, बल्कि एक साथ पांच मरीज इलाज के लिए पहुंचे. एक ही रात में पांच मरीजों के पहुंचने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. चिकित्सकों ने सभी मरीजों का तत्काल उपचार शुरू किया. तीन मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर कर दिया गया. वहीं, दो मरीजों की हालत में सुधार होने पर उनका इलाज भोरे रेफरल अस्पताल में ही जारी रखा गया.
कल्याणपुर गांव से एक ही रात तीन मामले
बुधवार की रात सर्पदंश के पांच मामलों में से तीन मामले अकेले कल्याणपुर गांव से सामने आये. एक ही रात गांव के तीन लोगों को सांप काटने की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों ने बरसात के मौसम में घरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
सर्पदंश के शिकार लोगों में मिश्रौली निवासी राजन कुमार, कल्याणपुर निवासी अंजलि देवी, रिंकू देवी एवं पिंकी देवी तथा पाखोपाली निवासी रमेश कुमार शामिल हैं.
तीन मरीजों को सदर अस्पताल किया गया रेफर
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने सभी मरीजों का तत्काल उपचार शुरू किया. प्राथमिक उपचार के बाद तीन मरीजों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर कर दिया गया. वहीं, दो मरीजों की स्थिति में सुधार होने के बाद उन्हें भोरे रेफरल अस्पताल में ही चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया.
बरसात में सांपों से बचाव के लिए बरतें सावधानी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बरसात और नमी के मौसम में सांपों के निकलने की संभावना बढ़ जाती है. ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. रात में सोने से पहले बिस्तर की अच्छी तरह जांच करने, अंधेरे में टॉर्च का इस्तेमाल करने और घर के आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी गयी है.
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के चक्कर में समय बर्बाद न करें. सांप काटने पर पीड़ित को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाएं, ताकि समय पर चिकित्सकीय उपचार मिल सके.
इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की बहन ने कहा- भाई को 5 साल और मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, निशांत की शादी पर भी बोलीं
