भटनी रेलवे स्टेशन के पास युवक की संदिग्ध मौत, हत्या या हादसा? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का है इंतजार

भटनी रेलवे स्टेशन के पास एक 20 वर्षीय युवक आकाश यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. परिजनों का आरोप है कि हत्या कर शव को ट्रैक पर फेंका गया, जबकि पुलिस मालगाड़ी की चपेट में आने की आशंका जता रही है. सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगी.

Bhatni railway station: विजयीपुर थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव निवासी 20 वर्षीय आकाश यादव का शव उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गयी. भटनी जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में जीआरपी ने मालगाड़ी की चपेट में आने की आशंका जतायी है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

ट्रैक किनारे मिला शव, टूटा मोबाइल भी बरामद

भटनी रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर से आगे रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक के पड़े होने की सूचना जीआरपी को मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को मृत पाया. उसके पास से एक मोबाइल फोन टूटी हुई अवस्था में बरामद हुआ. मोबाइल में लगी सिम के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद शव की पहचान चौमुखा गांव निवासी रामप्रवेश यादव के इकलौते पुत्र आकाश यादव के रूप में हुई.

गोरखपुर से लौटने की बात कहने के डेढ़ घंटे बाद मिली मौत की खबर

परिजनों के अनुसार आकाश सोमवार को गोरखपुर गया था. शाम करीब 6:30 बजे उसने फोन कर बताया था कि वह भटनी स्टेशन पहुंच गया है और जल्द ट्रेन पकड़कर घर लौटेगा. इसके करीब डेढ़ घंटे बाद परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली. अचानक मिली इस सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

मालगाड़ी की चपेट में आने की जीआरपी ने जतायी आशंका

भटनी जीआरपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में युवक की मौत मालगाड़ी की चपेट में आने से होने की आशंका है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.

घटना के बाद मृतक के दरवाजे पर भीड़

परिजनों ने हत्या कर शव ट्रैक किनारे रखने का लगाया आरोप

मृतक के परिजनों ने घटना पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जतायी है. उनका आरोप है कि आकाश की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक के किनारे रख दिया गया, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके. पुलिस परिजनों की आशंका समेत सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

पांच बहनों का इकलौता भाई था आकाश

आकाश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और पांच बहनों का अकेला भाई था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीत्कार मच गया. मां कमलापति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. सदमे में उनकी तबीयत भी बिगड़ गयी. परिजनों ने बताया कि आकाश तीन दिन पहले ही प्रयागराज (इलाहाबाद) से घर लौटा था. सोमवार को गोरखपुर जाने के बाद उसने जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की सूचना मिल गयी. घटना के बाद परिवार और ग्रामीण पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौतम कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >