भारत शुगर मिल्स का मानसून गन्ना बुवाई अभियान शुरू: गमहारी में किसानों को बांटे गए उन्नत बीज और तकनीकी टिप्स

भारत शुगर मिल्स सिधवलिया यूनिट ने गमहारी गांव में मानसून गन्ना बुवाई अभियान का शुभारंभ किया. किसानों को उन्नत बीज, खाद और तकनीकी सहयोग दिया जाएगा. मिल प्रबंधन का लक्ष्य गन्ने का रकबा बढ़ाना है.

Bharat Sugar Mills: भारत शुगर मिल्स सिधवलिया यूनिट के अंतर्गत गेट जोन-बी के ब्लॉक दीघवा दुबौली के गमहारी सर्किल स्थित गमहारी गांव में सोमवार को मानसून गन्ना बुवाई अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया. किसान वीरेंद्र सिंह के खेत में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर गन्ना विकास विभाग के महाप्रबंधक राधेश्याम मिश्रा ने मानसून गन्ना बुवाई की शुरुआत की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय गन्ना किसान मौजूद रहे.

किसानों से अधिक क्षेत्र में गन्ना लगाने की अपील

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गन्ना विकास विभाग के महाप्रबंधक राधेश्याम मिश्रा ने किसानों से अधिक से अधिक क्षेत्रफल में मानसून गन्ना बुवाई करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मानसून के समय की गयी गन्ने की बुवाई से फसल को अनुकूल मौसम का लाभ मिलता है और बेहतर उत्पादन की संभावना रहती है.

उन्होंने किसानों से समय पर बुवाई करने के साथ उचित दूरी और वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की सलाह दी. इससे गन्ने की फसल का बेहतर विकास और उत्पादन सुनिश्चित किया जा सकता है.

उन्नत बीज, खाद और तकनीकी सहयोग दे रही मिल

महाप्रबंधक ने कहा कि भारत शुगर मिल्स की ओर से किसानों को उन्नत किस्म के बीज, खाद और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है. किसानों को गन्ने की खेती से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है, ताकि वे आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें.

गन्ने का रकबा बढ़ाने का लक्ष्य

राधेश्याम मिश्रा ने बताया कि मिल प्रबंधन का लक्ष्य इस वर्ष मानसून सीजन में गन्ने के रकबे में वृद्धि करना है. अधिक क्षेत्रफल में गन्ने की खेती होने से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी. साथ ही चीनी मिल को भी पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध हो सकेगा.

उन्होंने किसानों से मिल की ओर से उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाने और समय पर गन्ने की बुवाई पूरी करने की अपील की.

गन्ना विभाग के अधिकारी और किसान रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान जोन इंचार्ज अरविंद सिंह, ब्लॉक इंचार्ज प्रमोद सिंह और एरिया इंचार्ज अरुण सिंह सहित गन्ना विभाग के अन्य कर्मी और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे. इस दौरान किसानों के बीच मानसून गन्ना बुवाई को लेकर उत्साह देखने को मिला.

इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पवन अग्रवाल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >