Gopalganj News : थावे थाना क्षेत्र के तीन गांवों में 24 और 25 सितंबर को आयोजित होने वाले महावीरी अखाड़े को लेकर रविवार की देर शाम भगवानपुर में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विभा कुमारी ने की. इसमें अखाड़े के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
तीन गांवों से निकलेगा महावीरी अखाड़ा
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीठौरी, भगवानपुर और केशोपुर गांव से 24 और 25 सितंबर को महावीरी अखाड़े का जुलूस निकलेगा. आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
वहीं, भगवानपुर की पूजा समितियों की ओर से इस वर्ष किसी कारणवश महावीरी अखाड़े का आयोजन नहीं किया जा रहा है.
डीजे और अश्लील गाने पर रहेगा प्रतिबंध
बैठक में थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि महावीरी अखाड़े के दौरान आर्केस्ट्रा, अश्लील गाने और डांस के साथ डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. जुलूस में शामिल लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
इसके अलावा जुलूस में किसी भी तरह के घातक हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी. पुलिस और प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान नियमों के पालन पर विशेष नजर रखी जायेगी.
लाइसेंस में निर्धारित रूट से ही निकलेगा जुलूस
महावीरी अखाड़े का जुलूस लाइसेंस में निर्धारित रूट के अनुसार ही निकाला जायेगा. प्रशासन की अनुमति के बिना जुलूस का रूट बदलने की इजाजत नहीं होगी.
थानाध्यक्ष ने कहा कि निर्धारित रूट से हटकर जुलूस ले जाने या प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने अखाड़ा समितियों और ग्रामीणों से शांतिपूर्ण माहौल में आयोजन कराने में सहयोग की अपील की.
बैठक में अखाड़ा समिति के सदस्य और ग्रामीण रहे मौजूद
शांति समिति की बैठक में अखाड़ा समिति के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. प्रशासन की ओर से सभी लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गयी.
