Gopalganj News: बैकुंठपुर प्रखंड के देवकुली गांव निवासी मंजीत ठाकुर 19 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवा देने के बाद रविवार को सेवानिवृत्त होकर अपने गृह क्षेत्र पहुंचे. उनके आगमन पर दिघवा दुबौली रेलवे स्टेशन पर क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया. जवान के घर लौटने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंचे और देश सेवा के लिए उनका सम्मान किया.
फूल-मालाओं से किया गया अभिनंदन
स्वागत समारोह में भाजपा 20 सूत्री सदस्य चंदन सोनी, अरविंद ठाकुर, कौशल ठाकुर, राजकिशोर कुणाल, अंशु कुमार पांडेय, सुधांशु कुमार, गुड्डू सिंह, दिग्विजय ठाकुर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने मंजीत ठाकुर का माल्यार्पण कर उनके सम्मान में शुभकामनाएं दीं.
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बैकुंठपुर क्षेत्र का एक जवान लंबे समय तक देश की सेवा कर सम्मानपूर्वक घर लौटा है, यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि मंजीत ठाकुर का अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. लोगों ने युवाओं से उनके जीवन से सीख लेकर सेना सहित अन्य सेवाओं में योगदान देने का आह्वान किया.
सेना में भर्ती के लिए युवाओं को देंगे मार्गदर्शन
सम्मान से अभिभूत मंजीत ठाकुर ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेना में बिताए गए 19 वर्ष उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं. उन्होंने कहा कि अब वह अपने क्षेत्र के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करेंगे और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी देंगे. समारोह के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा.
Also Read: बिहार में सड़क हादसा हुआ तो बस 112 पर करें कॉल, मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
