गोपालगंज : चनावे स्थित गोपालगंज जेल से जमानत पर सतीश पांडेय के रिहा होकर बाहर निकलने के दौरान हजारों की संख्या में प्रतिबंधित क्षेत्र में लोगों के जमा होने के मामले में डीएम राहुल कुमार ने जेल प्रशासन से तत्काल रिपोर्ट तलब किया है. जेल के प्रतिबंधित क्षेत्र में आखिर कैसे इतने लोग प्रवेश किये, इसको लेकर रिपोर्ट मांगी गयी है. जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में जुटा है. प्रशासन को इसका अंदाजा भी नहीं था
कि सतीश पांडेय के जेल से निकलने पर इनके स्वागत में हजारों की संख्या में उत्साहित समर्थक जेल के मुख्य गेट तक पहुंच जायेंगे. बता दें कि सोमवार को जेल से छह साल के बाद बाहर निकलने पर सतीश पांडेय से मिलने एवं उनके स्वागत के लिए यूपी तथा बिहार के कई जिलों से हजारों की भीड़ पहुंची थी, जो ड्राॅप गेट को पार कर मुख्य गेट पर पहुंची, जहां सतीश पांडेय के निकलते ही माल्यापर्ण किया. इसके साथ ही जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय तथा सतीश पांडेय के समर्थक नारेबाजी करते रहे. इस बीच बैंड-बाजा के साथ उनको घर ले जाया गया.
