Gopalganj news: भोरे प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तत्वावधान में ‘अभियान बसेरा’ के तहत विशेष पर्चा वितरण शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री व स्थानीय विधायक सुनील कुमार ने प्रखंड के 55 पात्र भूमिहीन परिवारों को अपने हाथों से बासगीत का पर्चा सौंपा. पर्चा मिलने के बाद वर्षों से स्थायी आशियाने के इंतजार में रहे गरीब परिवारों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी.
बासगीत पर्चा गरीबों के स्वाभिमान की गारंटी : सुनील कुमार
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि बिहार का कोई भी परिवार बेघर न रहे. बासगीत पर्चा सिर्फ जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब परिवार के स्वाभिमान और सुरक्षा की गारंटी है.
उन्होंने कहा कि अब इन 55 परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने का रास्ता भी साफ हो गया है. प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि क्षेत्र का कोई भी योग्य भूमिहीन परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे.
भूमिहीनों को अधिकार दिलाने के लिए अभियान
कार्यक्रम की अध्यक्षता हथुआ के भूमि सुधार उपसमाहर्ता वसीम अकरम ने की, जबकि मंच संचालन कुंज बिहारी मिश्रा ने किया. अपने अध्यक्षीय संबोधन में डीसीएलआर ने कहा कि प्रशासन भूमिहीन परिवारों की पहचान कर उन्हें उनका अधिकार दिलाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है.
उन्होंने कहा कि ‘अभियान बसेरा’ के माध्यम से पात्र परिवारों को चिन्हित कर उन्हें बासगीत का पर्चा उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उन्हें स्थायी आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.
जनप्रतिनिधियों ने सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में प्रमुख राजेश कुमार राम, अंचल अधिकारी अनुभव राय, बीडीओ मुकेश कुमार, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष विंदा सिंह कुशवाहा, राजेंद्र कुमार द्विवेदी, शत्रुघ्न गुप्ता और वीरेंद्र चौरसिया ने भी अपने विचार रखे. वक्ताओं ने सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं और भूमिहीन परिवारों के लिए चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी दी.
इस अवसर पर विजयीपुर जदयू प्रखंड अध्यक्ष नितेंद्र राय, मुखिया मोहन कुमार सिंह, यतीन्द्र नाथ तिवारी, चंदन यादव, अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, राजस्व कर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे.
