थावे : स्थानीय थाना क्षेत्र बड़ा जगमलवा गांव में सोमवार की सुबह करीब सात बजे स्कूल बस से कुचल कर चार वर्षीया एक बच्ची की मौत हो गयी. बड़ा जगमलवा गांव के जावेद इकबाल की पुत्री सदफ इकबाल अपने छह वर्षीय भाई आकिब जावेद के साथ गांव की सड़क पर स्कूल बस पकड़ने पहुंची.
सड़क पार कर भाई स्कूल बस पर चढ़ गया, लेकिन सदफ अभी सड़क पार कर ही रही थी कि चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया. इससे कुचल कर उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. मृत बच्ची नर्सरी में पढ़ती थी. इस घटना को देखकर ग्रामीण उग्र हो गये. ग्रामीणों ने स्कूली बस को सड़क के किनारे पलट दिया. इसी स्कूली बस से इसके पहले वेदू टोला गांव के एक छात्र की मौत हो गयी थी, जबकि खानपुर कला के पास एक छात्रा जख्मी हो गयी थी.
उधर, घटना की सूचना पर थावे थानाध्यक्ष विशाल आनंद, एसआइ शैलेंद्र कुमार पप्पू, द्वारिका राम ने पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर उग्र ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया. थानाध्यक्ष ने बताया कि स्कूल संचालक व परिजनों के समझौते के बाद छात्रा का बिना पोस्टमार्टम के ही शव को परिजनों को हवाले कर दिया गया.
