गोपालगंज में मौत के बाद फूटा आक्रोश, की आगजनी

गोपालगंज : बाइक से महिला को लगे झटके के बाद बेरहमी से पिटाई में गंभीर रूप से घायल की मौत पर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने जादोपुर-गोपालगंज मुख्य पथ को कररिया में जाम कर आगजनी की. शव को सड़क पर रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. जाम और […]

गोपालगंज : बाइक से महिला को लगे झटके के बाद बेरहमी से पिटाई में गंभीर रूप से घायल की मौत पर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने जादोपुर-गोपालगंज मुख्य पथ को कररिया में जाम कर आगजनी की. शव को सड़क पर रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. जाम और हंगामे की खबर पर पहुंचे नगर इंस्पेक्टर रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा.

ग्रामीण हमलावरों को गिरफ्तार कर उन्हें सजा दिलाने तथा मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए थे. बाद में सदर प्रखंड के बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. तीन घंटे तक सड़क पूरी तरह से जाम रहा. लोगों को आने-जाने में भी कठिनाई हुई. हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित लखपतिया मोड़ से विश्वनाथ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने इस पूरे मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है. ग्रामीणों ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के सिया बिहारी प्रसाद (45 वर्ष) 14 मई की रात हथुआ के पिपरा से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. जैसे ही वे लखपतिया मोड़ पर पहुंचे की कुछ महिलाएं टहल रही थीं. एक महिला को उनकी मोटरसाइकिल से झटका लगा.
महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग पहुंचे और सिया बिहारी पर हथौड़ी और रॉड से हमला कर बेरहमी से पिटाई की. लहूलुहान स्थिति में उसे सड़क पर छोड़ दिया गया. इस बीच कररिया गांव के राहगीरों की नजर पड़ी. उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया. गोरखपुर में भी स्थिति गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया था, जहां रविवार को उसकी मौत हो गयी.
मौत के बाद जहां गांव में मातम दिखा, वहीं परिजनों में कोहराम मचा रहा. पुलिस इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर कांड की जांच में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >