गोपालगंज : चुनाव आयोग की कार्रवाई पर बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार को गोपालगंज में कहा कि मैं दलित की बेटी हूं, इसलिए चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में जाने से मुझे रोक दिया.
जिस रैली में जाने से मुझे रोका गया, वह रैली आगरा में थी, जो उत्तर प्रदेश के दलितों की राजधानी कहा जाता है. मायावती गोपालगंज के वीएम मैदान में चुनाव सभा को संबोधित कर रही थीं. उन्होंने कहा कि बीजेपी का काम है धार्मिक भावनाओं को भड़काना और चुनाव में उसका उपयोग करना. इस बार बीजेपी ने तो सेना का भी इस्तेमाल किया, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है, लेकिन चुनाव आयोग चुप्पी साधे हुए है.
मायावती ने कहा कि मोदी अगर ईमानदार होते तो चुनाव के मौसम में घोषणाएं नहीं करते. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी गलत नीतियों के कारण पहले कई राज्यों से और फिर देश की सत्ता से बेदखल हो गयी. ठीक उसी राह पर बीजेपी चल रही है. इस पार्टी का भी वही हश्र होगा.
