Gaya Ji News : डोभी थाना क्षेत्र के चतरा मोड़ के पास गुरुवार देर रात एक 20 वर्षीय युवक लहूलुहान हालत में मिला. सूचना मिलने पर पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोभी ले गई. वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान बहेरा थाना क्षेत्र के कोठवारा गांव निवासी सतीश मिश्रा के 20 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ मिश्रा उर्फ मौली के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.
पटना से घर आया था सिद्धार्थ
परिजनों ने बताया कि सिद्धार्थ पटना में पढ़ाई करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था. गुरुवार शाम वह अपने दोस्त कौशिक कुमार, जो हंटरगंज थाना क्षेत्र का निवासी है, के साथ बाइक से किसी मित्र से मिलने निकला था. देर रात पुलिस से सूचना मिली कि सिद्धार्थ चतरा मोड़ के पास घायल अवस्था में मिला है. परिजन जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों का आरोप है कि सिद्धार्थ के शरीर पर बाहरी चोट के अधिक निशान नहीं थे, लेकिन कमर के पास गंभीर चोट दिखाई दे रही थी, जहां से काफी खून बहा था. परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई दुर्घटना की बात
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार एक बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी, जिससे उस पर सवार युवक सड़क पर गिर गया. स्थानीय लोगों ने घायल युवक को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और 112 नंबर पर सूचना दी. बताया जाता है कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घायल सिद्धार्थ के पास एक बाइक खड़ी थी. पुलिस वाहन को देखकर बाइक चालक वहां से बाइक लेकर फरार हो गया. 112 टीम ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा.
हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं पर जांच
डोभी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस हत्या और सड़क दुर्घटना, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल पर मौजूद बाइक चालक और अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम की सहायता ली जा रही है. साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सिद्धार्थ की मौत किसी दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी. फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है.
