Gaya Ji News: गया जिले के महकार थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी लालसा देवी की खिजरसराय स्थित निजी दुर्गा हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने और इलाज के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है. घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि हंगामे के बाद अस्पताल के डॉक्टर और संचालक अस्पताल बंद कर चले गए.
सरकारी अस्पताल से निजी अस्पताल भेजने का आरोप
परिजनों के अनुसार, वे पहले महिला को सरकारी अस्पताल लेकर गए थे, जहां एक आशा कार्यकर्ता ने उन्हें निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराने की सलाह दी.
इलाज में लापरवाही का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में लापरवाहीपूर्वक ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई. स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने पहले गया और फिर पटना रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि समय पर उचित इलाज मिलता तो महिला की जान बच सकती थी. साथ ही सरकारी अस्पताल से मरीजों को निजी अस्पताल भेजे जाने की कथित व्यवस्था की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है.
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने बताया कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. समाचार लिखे जाने तक अस्पताल के डॉक्टर और संचालक का पक्ष सामने नहीं आ सका है. मामले की वास्तविक स्थिति स्वास्थ्य विभाग और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
