प्रारंभिक शिक्षा को रोचक और व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मध्य विद्यालय वजीरगंज में एक दिवसीय पियर लर्निंग सर्कल सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेणु कुमारी की देखरेख में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रखंड के सभी 76 मध्य विद्यालयों के नामित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया.
प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) पर रहा मुख्य फोकस
प्रशिक्षण का मुख्य फोकस 'प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग' (पीबीएल) की अवधारणा को सुचारू रूप से कक्षा तक पहुंचाना था. प्रखंड तकनीकी समूह के सदस्य सुनील कुमार ने बताया कि पीबीएल के माध्यम से बच्चे गणित और विज्ञान जैसे कठिन विषयों को खुद प्रोजेक्ट बनाकर आसानी से समझ सकेंगे और उनका दैनिक जीवन में उपयोग कर पाएंगे.
शिक्षकों ने प्रस्तुत किए लघु प्रोजेक्ट
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने गणित और विज्ञान पर आधारित लघु प्रोजेक्ट्स का प्रस्तुतिकरण भी किया. इस दौरान तकनीकी समूह के सदस्य मानस श्रीवास्तव, नीतू कुमारी और रोहित कुमार मौर्य ने उपस्थित शिक्षकों को प्रोजेक्ट तैयार करने की व्यावहारिक जानकारी दी.
बच्चों की रचनात्मकता और सोच का होगा विकास
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीडीओ सह प्रधानाध्यापक शंभू शरण सिंह और शिक्षिका पिंकी कुमारी का विशेष सहयोग रहा.
प्रशिक्षण के अंत में पदाधिकारियों ने कहा कि इस पहल से बच्चों में रचनात्मकता और समस्या समाधान (प्रॉब्लम सॉल्विंग) क्षमता दोनों बढ़ेगी.
Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय
