बिहार में नई सरकार के गठन के बाद 'सेवा, संकल्प और समर्पण' के 100 दिन सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को वजीरगंज प्रखंड सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रभाकर कुमार ने की. इस अवसर पर आयोजित समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण (लाइव वेबकास्ट) एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया.
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने ध्यानपूर्वक सुना संबोधन
सीधे प्रसारण को प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने ध्यानपूर्वक देखा और सुना. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार के शुरुआती 100 दिनों की ऐतिहासिक उपलब्धियों, संचालित विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.
योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर हर पात्र व्यक्ति को उनका लाभ दिलाना ही प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है. कार्यक्रम में बिहार के समग्र विकास, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया.
कई अधिकारी व गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस विशेष अवसर पर अंचलाधिकारी (सीओ) प्रकाश कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष महेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे.
Also Read : शेखपुरा बार एसोसिएशन चुनाव आज, 340 अधिवक्ता करेंगे मतदान, अध्यक्ष- महासचिव पद पर कांटे की टक्कर
