गया जी : विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, पितृपक्ष मेले से पहले BSAP को सौंपी गई जिम्मेदारी

Vishnupad Temple Security : गया जी के ऐतिहासिक और विश्वप्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बिहार सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए इसकी जिम्मेदारी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) को सौंप दी है. पितृपक्ष मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में इसे एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है.

Vishnupad Temple Security : पितरों की मोक्षस्थली और सनातन आस्था के सबसे प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल विश्वप्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार सरकार ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.

अब गया के इस ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले मंदिर की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) को सौंप दी गई है. आगामी पितृपक्ष मेला शुरू होने से ठीक पहले लिए गए इस फैसले को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक व मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

मंदिर प्रबंधकारिणी समिति ने फैसले का किया स्वागत

विष्णुपद मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य मणिलाल बारिक ने सरकार के इस फैसले का दिल से स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि मंदिर की सुरक्षा को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही थी और विशेष सुरक्षा बल की तैनाती की योजना बनाई गई थी, जिसे अब आधिकारिक रूप से लागू कर दिया गया है.

AI इमेज | प्रभात खबर

उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला केवल बिहार या भारत का ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है. इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के अलावा नेपाल, श्रीलंका, मॉरीशस, अमेरिका, ब्रिटेन समेत कई देशों से लाखों श्रद्धालु गया पहुंचते हैं.

यहां वे अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के लिए पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध कर्म करते हैं तथा भगवान विष्णु के चरणों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं.

भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने में मिलेगी मदद

मणिलाल बारिक ने बताया कि पितृपक्ष मेले के दौरान विष्णुपद मंदिर और उसके आसपास भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है.

बीएसएप (BSAP) की तैनाती से न केवल मंदिर परिसर की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में भी काफी मदद मिलेगी.

फाइल फोटो

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विष्णुपद मंदिर देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का अनमोल प्रतीक है.

यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, जबकि पितृपक्ष के दौरान यह संख्या लाखों में पहुंच जाती है. ऐसे में प्रशिक्षित विशेष पुलिस बल की तैनाती समय की एक बड़ी मांग थी, जिसे सरकार ने पूरा कर दिया है.

श्रद्धालुओं में बढ़ेगा सुरक्षा का भरोसा

मंदिर समिति का मानना है कि बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के कार्यभार संभालने से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित व प्रभावी होगी. इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा और अधिक मजबूत होगा, जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपने सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकेंगे.

गौरतलब है कि गया का विष्णुपद मंदिर हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि यहां भगवान विष्णु के चरणचिह्न स्थापित हैं और यहीं पिंडदान करने से पितरों को सीधे मोक्ष की प्राप्ति होती है.

यही कारण है कि हर साल देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालु यहां खिंचे चले आते हैं. सरकार के इस फैसले से इस वर्ष का पितृपक्ष मेला और अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगा.

Also Read : राजगीर जू सफारी और बिहार वेटनरी कॉलेज के बीच हुआ एमओयू, वन्यजीव संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >