गया जी के गुरुआ थाना क्षेत्र के गुडरु गांव में गुरुवार को आहर में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
मृतकों की पहचान गुडरु गांव निवासी साबीर मियां के पुत्र मो. सादिक तथा आमीद मियां के पुत्र अली उर्फ हसन के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मो. सादिक दसवीं कक्षा का छात्र था.
स्नान करने के दौरान हुआ हादसा
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार को गांव के ही आहर में स्नान करने के लिए गए थे. स्नान करने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ आहर के पास जुट गई.
पुलिस कार्रवाई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सूचना मिलने पर गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों के शवों को आहर से बाहर निकलवाया.
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
