बोधगया थाने की पुलिस ने सोमवार को फर्जीवाड़े के मामले में कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है.
इस संबंध में बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जमीन की खरीद-बिक्री के मामले में मोचारिम गांव के रहने वाले सुजीत कुमार की शिकायत पर बतसपुर गांव के रोशन कुमार को गिरफ्तार किया गया है.
शिकायतकर्ता सुजीत कुमार ने आरोप लगाया था कि जमीन बिक्री के नाम पर उन्होंने रोशन कुमार को बैंकों के माध्यम से 25 लाख 49 हजार रुपए दिए थे, लेकिन आरोपी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री की और न ही उनके पैसे वापस किए. इसी मामले में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह गिरफ्तारी हुई है.
फर्जी बैंक ड्राफ्ट देकर नामांकन कराने के मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
थानाध्यक्ष ने बताया कि दूसरा मामला पैरामेडिकल कॉलेज में नामांकन में फर्जीवाड़े से जुड़ा हुआ है. इस मामले में कोलकाता की सिग्मा इंटेक्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर ने भोजपुर जिले के सिकरिया के रहने वाले प्रमोद कुमार सिंह पर केस दर्ज कराया था.
दर्ज मामले के अनुसार, पैरामेडिकल कॉलेज में नामांकन के लिए स्टूडेंट्स की व्यवस्था की गई थी, जिसके एवज में दिए गए बैंक ड्राफ्ट फर्जी पाए गए. आरोपियों द्वारा कुल 22 लाख 50 हजार रुपए के फर्जी बैंक ड्राफ्ट दिए गए थे.
इसी सिलसिले में पुलिस ने इस मामले में संलिप्त बांके बाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले रंजीत कुमार को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इस कांड में संलिप्त अन्य आरोपितों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
