Gaya Ji News : गया जी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेश कुमार आनंद के पिता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता द्विजेंद्र कुमार के निधन पर शुक्रवार को शहर में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. शोकसभा में सामाजिक, राजनीतिक, खेल एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने काफी संख्या में भाग लेकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
कार्यक्रम में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने द्विजेंद्र कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित व उन्हें नमन कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया.
समर्पित कार्यकर्ता और समाजसेवी के रूप में रही पहचान वक्ताओं ने कहा कि द्विजेंद्र कुमार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक, भारतीय जनसंघ एवं भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे. उन्होंने अपने जीवन में सामाजिक सरोकारों और संगठनात्मक मूल्यों को हमेशा प्राथमिकता दी.
एक अधिवक्ता के रूप में भी उन्होंने अपने कार्यों से लोगों के बीच अलग पहचान बनायी और सरल, सौम्य व मिलनसार व्यक्तित्व के कारण सभी वर्गों में चर्चित रहे. शोकसभा में उनके भाई दिलीप कुमार, दामाद प्रणव शाही, संजीव शाही, विवेक कुमार, विनीत सिंह, पुत्र देवेश कुमार आनंद, देवांशु आनंद तथा दिवाकर कुमार सहित परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे. उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
