Gaya News : शादी में जा रहे युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत, लोगों ने की सड़क जाम

दुखद. गुरुआ-दरियापुर मुख्य मार्ग पर अमीरगंज गांव के समीप हुई दुर्घटना

गुरुआ. गुरुआ-दरियापुर मुख्य मार्ग पर अमीरगंज गांव के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में शादी समारोह में जा रहे 30 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. युवक अपने नाना के घर शादी में शामिल होने जा रहा था, तभी एक बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, परैया थाना क्षेत्र के दधपी गांव निवासी 30 वर्षीय युगेश यादव बाइक से गुरुआ प्रखंड के मंगलीचक गांव स्थित अपने नाना के घर शादी समारोह में जा रहे थे. इसी दौरान अमीरगंज गांव के पास एक बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. ट्रैक्टर की चपेट में आने से युगेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया. उधर, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और आवागमन में अवरोध उत्पन्न हो गया. सूचना मिलते ही गुरुआ थाने की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया. ट्रैक्टर चालक की पहचान औरंगाबाद जिले के कासमा थाना अंतर्गत ढोलिखाप गांव निवासी मनोज दास के रूप में हुई है. 2021 में हुई थी शादी, इकलौते बेटे को छोड़ गया युगेश

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. बेटे का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया. बताया गया कि युगेश यादव की शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उसका एक छोटा बेटा है. इस संबंध में गुरुआ थानाध्यक्ष मोहम्मद सरफराज इमाम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं करायी गयी है.

विधायक और प्रशासन ने दिया मुआवजा, किया शांतिपूर्ण समाधान

घटना की जानकारी मिलते ही गुरुआ के राजद विधायक विनय कुमार यादव, अंचलाधिकारी (सीओ) अतहर जमील, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पूजा गहलोत, मुखिया पति रामाशीष प्रजापति तथा विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया. इस दौरान बीडीओ पूजा गहलोत ने मृतक के परिजन को पारिवारिक लाभ योजना के तहत ₹20,000 का चेक प्रदान किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PANCHDEV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >