गया में मौसम ने बदली करवट, चार डिग्री लुढ़का पारा, रुक-रुक कर होती रही बारिश

Gaya ji Weather News : सोमवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Gaya ji Weather News : रविवार से मौसम में आए बदलाव का असर सोमवार को भी देखने को मिला. दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बूंदाबांदी तथा रिमझिम बारिश होती रही. इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमसभरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली. मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई.

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस था.

बारिश से सड़कों पर जलजमाव

बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बन गई. केदारनाथ मार्केट, केपी रोड और पुरानी गोदाम इलाके में सड़कें कीचड़ से भर गईं, जिससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन के कारण काफी सावधानी बरतनी पड़ी.

रात में भी बारिश की संभावना

शाम तक आसमान में घने बादल छाए रहे और रात में भी बारिश की संभावना जताई गई. हालांकि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं..

धान के बिचड़े पड़ रहे पीले

इधर, छिटपुट बारिश किसानों के लिए राहत लेकर नहीं आई है. पर्याप्त वर्षा नहीं होने से धान के बिचड़े पीले पड़ने लगे हैं. खेतों में पानी की कमी के कारण किसान डीजल पंपसेट और बिजली चालित मोटर की मदद से सिंचाई कर किसी तरह बिचड़ों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो धान की खेती प्रभावित हो सकती है.

Also Read : मैगरा-डुमरिया बस पड़ाव पर मूलभूत सुविधा का अभाव, शौचालय के अभाव में मैगरा और डुमरिया बस स्टैंड पर बढ़ी परेशानी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kanchan kr sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >