Gaya Ji News : गया जी शहर में लगातार बढ़ रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एसएसपी सुशील कुमार और सिटी एसपी अभिनव कुमार की मॉनिटरिंग में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कुख्यात कोढ़ा गैंग का पर्दाफाश करते हुए लूटे गए छह सोने के चेन बरामद किए हैं. यह जानकारी गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिटी एसपी अभिनव कुमार ने दी.
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हुई बरामदगी
सिटी एसपी ने बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में गिरफ्तार कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला-जुराबगंज निवासी सैमुअल कुमार की निशानदेही पर सात सदस्यीय पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी की. इस दौरान गया शहर में चैन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल गिरोह के सदस्यों की पहचान कर उनके ठिकानों पर कार्रवाई की गई, जहां से छह सोने के चेन बरामद किए गए.
कई थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए छह चेन में कोतवाली थाना क्षेत्र के तीन मामलों में लूटे गए तीन सोने के चेन, टिकारी थाना क्षेत्र से छीना गया एक चेन, रामपुर थाना क्षेत्र से लूटा गया एक चेन तथा सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से छीना गया एक सोने का चेन शामिल है. इन बरामदगियों से शहर में हुई कई चैन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा हुआ है.
भागलपुर में भी दर्ज हैं आरोपी पर मामले
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सैमुअल कुमार के खिलाफ भागलपुर जिले में भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और संपत्ति जब्ती की तैयारी
पुलिस का कहना है कि गिरोह के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उनके खिलाफ संपत्ति जब्ती की कार्रवाई शुरू करने के लिए सूची भी तैयार की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
शहर में आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
सिटी एसपी ने बताया कि गया शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष जांच अभियान, वाहन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाशी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में बढ़ती चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है. इससे सक्रिय अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है.
