Gaya Ji News : ग्राम सेवा परियोजना के तहत एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से सहभागी शिक्षण केंद्र द्वारा गुरुआ प्रखंड में महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के लिए क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में 10 महिला स्वयं सहायता समूहों की करीब 125 सदस्यों ने भाग लिया.
नेतृत्व और आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर रहा फोकस
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की नेतृत्व क्षमता विकसित करना, उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ाना तथा बिजनेस डेवलपमेंट को मजबूत बनाना था. इसके साथ ही संस्थागत क्षमता निर्माण, संगठनात्मक प्रबंधन और वित्तीय प्रबंधन कौशल को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि महिलाएं स्थानीय विकास कार्यों में प्रभावी भूमिका निभा सकें.
प्रशिक्षण में गतिविधियों के माध्यम से दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को क्लासरूम शिक्षण, समूह गतिविधियां, समूह चर्चा और विभिन्न प्रेरक खेलों के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी दी गई. रिसोर्स पर्सन अवनीश कुमार मिश्रा ने महिलाओं को नेतृत्व, संगठन प्रबंधन और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया.
प्रतिभागियों को वितरित की गई स्टेशनरी किट और बैग
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को स्टेशनरी किट और बैग वितरित किए गए. इस दौरान महिलाओं ने प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाई और विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव भी साझा किए.
आत्मनिर्भर ग्रामीण समाज बनाने की दिशा में पहल
सहभागी शिक्षण केंद्र के संचालन प्रमुख अमित कुमार सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मजबूत सामुदायिक संस्थाओं का निर्माण करना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में समावेशी, टिकाऊ और आत्मनिर्भर विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका और अधिक सशक्त होगी.
Also Read : नालंदा में 10 अगस्त से शुरू होगा 5.44 लाख पौधों का महाअभियान, 227 पंचायतों में होगा पौधारोपण
