Gaya News : बरसात के दिनों में इमामगंज प्रखंड के भगहर गांव के टापू में तब्दील होने की समस्या को देखने शनिवार को शेरघाटी एसडीओ जतिन कुमार पहुंचे. उन्होंने नदी किनारे पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और स्थिति का जायजा लिया. एसडीओ ने ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया.
वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में नाव उपलब्ध कराने का आश्वासन
बीडीओ संजय कुमार ने बताया कि एसडीओ ने भगहर नदी किनारे पहुंच कर मुआयना किया है. बरसात के दिनों में ग्रामीणों के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में नाव उपलब्ध कराने को लेकर उच्चाधिकारियों से बातचीत करने का आश्वासन दिया गया है.
नदियों के उफान से हजारों की आबादी प्रभावित
भगहर गांव चारों ओर से नदियों से घिरा हुआ है. नदियों का जलस्तर बढ़ते ही गांव की हजारों की आबादी का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो जाता है. हाल के दिनों में लगातार रुक-रुककर हुई बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया था.
बीमार युवती को जान जोखिम में डालकर पहुंचाया अस्पताल
इसी दौरान गांव की 18 वर्षीय खुशी कुमारी गंभीर रूप से बीमार हो गई थी. ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर उसे इलाज के लिए इमामगंज लाना पड़ा था. ग्रामीणों की यह समस्या लगातार स्थानीय समाचार पत्रों में सुर्खियां बनती रही है.
क्षतिग्रस्त मकान व प्रखंड कार्यालय का भी किया निरीक्षण
एसडीओ ने इसके बाद शमशाबाद गांव में गिरे खपरैल मकान का भी निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया. मौके पर सीओ सुकेश कुमार, बीडीओ संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे.
