Gaya Ji News : गया जी जिले के नगर पंचायत इमामगंज के रानीगंज मुख्य सड़क स्थित हाई स्कूल मोड़ से चपरी सूर्य मंदिर तक सड़क पुनर्निर्माण कार्य पिछले एक माह से अधूरा पड़ा है. ग्रामीणों का आरोप है कि आठ माह पहले टेंडर होने के बावजूद ठेकेदार ने बरसात शुरू होने के बाद सड़क उखाड़ दी.
जिससे पूरी सड़क कीचड़ और जलजमाव से भर गई है. हालात ऐसे हैं कि वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. आए दिन स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर फिसलकर घायल हो रहे हैं.
श्रद्धालुओं व छात्रों की फजीहत और ठेकेदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से रानीगंज उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राएं स्कूल जाते हैं. श्रावण माह में शिवालय, सूर्य मंदिर और रानीगंज गौरक्षणी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
Also Read : पढ़ाई की डांट से घर छोड़ निकला 14 वर्षीय किशोर, गया जी स्टेशन पर आरपीएफ ने समय रहते बचाया
लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर ठेकेदार और उसके मुंशी अभद्र व्यवहार करते हैं तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा करने की धमकी देते हैं. नगर विकास विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद निर्माण कार्य बंद पड़ा है.
बीमारियों का खतरा और प्रशासन से कार्रवाई की मांग
भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष प्रेमचन्द्र सिंह उर्फ निक्कू, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सिन्हा, मनीष तिवारी, संतोष सौन्डिक, रवि सिंह, शेखर सुमन समेत अन्य ग्रामीणों ने कहा कि कीचड़ और जलजमाव से डायरिया, डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.
Also Read : गया जी में हजारों स्ट्रीट लाइट लगीं, फिर भी कई इलाकों में अंधेरा, लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि निर्माण कार्य बरसात के बाद होना था तो बारिश शुरू होने से पहले सड़क क्यों उखाड़ी गई. ग्रामीणों ने प्रखंड प्रशासन, जिला प्रशासन और बिहार सरकार से ठेकेदार की मनमानी पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
