डुमरिया–पटना स्टेट हाईवे-69 पर रजकेल पुल के समीप अप्रोच सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों की बुधवार को मरम्मत करा दी गई. नए बीडीओ पंकज कुमार की पहल पर गिट्टी व मोरम भरवाकर सड़क को दुरुस्त किया गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन फिर से सुचारु हो गया है.
बारिश के कारण बने थे बड़े गड्ढे, वाहनों के फंसने की थी आशंका
बीडीओ पंकज कुमार ने बताया कि लगातार तीन दिनों की बारिश के कारण पुल के समीप अप्रोच सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे. इससे वाहनों के फंसने, जाम लगने और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी. शिकायत मिलने के बाद तत्काल मरम्मत का कार्य कराया गया.
प्रभात खबर ने प्रमुखता से उठाई थी समस्या
गौरतलब है कि मंगलवार को राजद कार्यकर्ताओं के एक शिष्टमंडल ने सड़क मरम्मत की मांग को लेकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा था.
वहीं, प्रभात खबर ने भी रजकेल पुल की जर्जर सड़क और दुर्घटना की आशंका को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. इसके बाद प्रशासन ने बुधवार सुबह त्वरित कार्रवाई करते हुए गड्ढों में गिट्टी व मोरम भरवाकर सड़क की मरम्मत करा दी.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क की मरम्मत से अब लोगों और वाहनों के आवागमन में काफी राहत मिलेगी.
