आरपीएफ की टीम ने एंटी-क्रीप वायर काटकर करीब 15 मीटर कैटनरी वायर चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक कबाड़ी दुकानदार और एक किशोर को पकड़ा है. आरपीएफ पोस्ट कोडरमा में मामला दर्ज किया गया है.
4 किलो तांबे का तार बरामद
इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि चंदवारा में एक कबाड़ी दुकान पर चोरी का रेलवे ओएचई तांबे का तार रखा है. आरपीएफ, सीआईबी धनबाद और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर दुकानदार गोविन्द कसेरा के यहां से करीब 4 किलो (लगभग 6.5 मीटर) क्षतिग्रस्त ओएचई कैटनरी वायर बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 4500 रुपये बताई गयी.
4,000 रुपये में खरीदकर 4,800 में कबाड़ी को बेचा था चोरी का तार
पूछताछ में गोविन्द ने बताया कि तार उसे सुजित कुमार नामक किशोर ने बेचा था. किशोर ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने यह तार अरविंद यादव उर्फ टेकला से 4000 रुपये में खरीदा और 4800 रुपये में गोविन्द को बेच दिया.
मुख्य आरोपी के घर पुलिस की दबिश, फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने किशोर की निशानदेही पर अरविन्द के घर भी दबिश दी. मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए किशोर को न्यायालय भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी और शेष माल की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है.
