प्रभात खबर का असर: बच्चों की शिकायत पर स्कूल पहुंचीं DPO, मिड-डे मील में अनियमितता की हुई जांच

गया जी के बेलागंज के उर्दू मध्य विद्यालय अमराहा में मध्याह्न भोजन की बदहाली को लेकर 'प्रभात खबर' में खबर प्रकाशित होने के बाद डीपीओ पूनम कुमारी ने स्कूल पहुंचकर जांच की. उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद किया और रसोई, शौचालय व साफ-सफाई का जायजा लिया. जांच के दौरान कुछ अनियमितताएं मिलने की बात कहते हुए डीपीओ ने रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंप दी है, जिसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

गया जी जिले के बेलागंज प्रखंड के उर्दू मध्य विद्यालय अमराहा में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और मेनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की बच्चों की शिकायत को लेकर मंगलवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) पूनम कुमारी ने विद्यालय पहुंचकर जांच की.

जांच के दौरान विद्यालय में कुछ अनियमितताएं सामने आने की पुष्टि हुई. अधिकारी ने मध्याह्न भोजन की व्यवस्था के साथ विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और शौचालय की स्थिति का भी निरीक्षण किया.

बच्चों के थाना पहुंचने पर हुई जांच

बताते चलें कि पिछले दिनों विद्यालय के बड़ी संख्या में बच्चे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खराब होने और निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की शिकायत लेकर चाकंद थाना पहुंच गये थे.

बच्चों के अचानक थाना पहुंचने से अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. इसके बाद थानाध्यक्ष की पहल पर बच्चों को समझाकर वापस विद्यालय भेजा गया था. मामले को प्रभात खबर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था.

डीपीओ ने बच्चों से सीधे की बात, रसोई और शौचालय का लिया जायजा

मंगलवार को जांच के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों से सीधे बातचीत कर मध्याह्न भोजन को लेकर जानकारी ली. बच्चों ने भोजन की गुणवत्ता, मेनू के अनुरूप भोजन नहीं मिलने समेत कई अन्य समस्याओं की जानकारी अधिकारी को दी.

बच्चों की शिकायत सुनने के बाद अधिकारी ने रसोई, विद्यालय परिसर, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया. जांच के दौरान दूसरे विद्यालय के एक शिक्षक द्वारा भी उर्दू मध्य विद्यालय अमराहा में उनकी गतिविधियों को लेकर शिकायत की गयी. अधिकारी ने संबंधित मामलों की जानकारी ली और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.

प्रधानाध्यापक ने आरोपों को नकारा

विद्यालय के प्रधानाध्यापक इकबाल रहमान ने बताया कि विद्यालय में कुल 210 बच्चे नामांकित हैं और नियमित रूप से मध्याह्न भोजन का संचालन किया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा विद्यालय को नाहक परेशान करने के उद्देश्य से बच्चों को उकसाकर थाना भेजा गया था.

विभागीय स्तर पर होगी कार्रवाई

वहीं, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि विद्यालय की जांच की गई है. जांच के दौरान सामने आये तथ्यों की रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंप दी गई है. अब मामले में आगे की कार्रवाई विभागीय स्तर पर की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >