PM Surya Ghar Yojana Gaya Ji (संजीव कुमार सिन्हा) : गया जी शहर के हरिदास सेमिनरी स्कूल स्थित आर्ट गैलरी में पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना के तहत सोलर लोन मेला आयोजित किया गया. जिसमें बतौर मुख्य अतिथि गया के डीएम शशांक शुभंकर शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत विद्युत विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की.
इस दौरान सोलर योजना का लाभ ले रहे लाभुकों, बैंक के अधिकारियों व सोलर प्लेट के विक्रेताओं को सम्मानित भी किया गया.
योजना की समीक्षा और आवेदन की प्रक्रिया
वहीं शहरी क्षेत्र के विद्युत कार्यपालक अभियंता आजाद कुमार सिंह ने बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए ‘पीएम सूर्य घर योजना’ की लगातार समीक्षा की जा रही है. इसी क्रम में आयोजित सोलर लोन मेले में 100 से अधिक लाभुकों ने आवेदन किया. मेले में गया जिले के विभिन्न बैंकों ने भाग लिया.
सब्सिडी के नए और आकर्षक प्रावधान
उन्होंने बताया कि योजना में सब्सिडी को लेकर भी बड़ा बदलाव हुआ है. एक किलोवाट पर अब 40 हजार रुपये तक, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान बताया गया. सब्सिडी की राशि सोलर सिस्टम लगने के बाद सीधे लाभुक के खाते में भेजी जाएगी.
Also Read : ग्लैमर की दुनिया छोड़ आध्यात्मिक राह पर निकला युवक, साइकिल से कर रहा 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा
घरेलू बिजली जरूरतों के लिए सोलर सिस्टम की उपयोगिता
अधिकारी के अनुसार, तीन किलोवाट का सोलर सिस्टम सामान्य शहरी परिवार की बिजली जरूरतों के लिए काफी उपयोगी है. इसमें एसी, पानी का मोटर, टीवी, पंखे और फ्रिज जैसे घरेलू उपकरणों का लोड संभालने में मदद मिल सकती है.
Also Read : फल्गु नदी में सालभर पानी लाने का ब्लूप्रिंट तैयार, दिल्ली में मीटिंग के बाद जल्द शुरू होगी उड़ाही
विभिन्न वेंडरों के माध्यम से तीन किलोवाट का सिस्टम करीब 1.60 से 1.70 लाख रुपये की लागत में उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें सब्सिडी के बाद लाभुक पर खर्च काफी कम हो जाता है.
20 हजार सोलर रूफटॉप लगाने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि गया जिले को करीब 20 हजार सोलर रूफटॉप लगाने का लक्ष्य मिला है. हर घर छत सोलर के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लोगों से पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाने की अपील की गई.
