Pitru Paksha Mela 2026 Gaya : विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक में वेदी/घाट व रास्तों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, विद्युत, स्वास्थ्य, आवासन, यातायात, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली गयी.
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों के सचिवों को स्वयं गया जी पहुंचकर विभागीय समीक्षा करने तथा मेला क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया.
5 जोन और 54 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र
मेला क्षेत्र को बेहतर प्रबंधन के लिए पांच जोन और 54 सेक्टर में बांटा गया है. सफाई के लिए तीन पालियों में व्यवस्था होगी और करीब 39,500 मानवबल की जरूरत का आकलन किया गया है. इसके लिए एजेंसी के चयन के लिए निविदा प्रकाशित की जा चुकी है. फल्गु नदी से कचरा हटाने के लिए ट्रैश क्लीनिंग बोट का भी इस्तेमाल किया जायेगा.
श्रद्धालुओं के लिए 87 स्थलों पर पेयजल संबंधी कार्य, 890 वॉटर टैंकर और 22 वॉटर एटीएम की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके अलावा 364 शौचालय और 579 प्री-फैब्रिकेटेड शौचालय समेत स्नानागार व चेंजिंग रूम तैयार किये जा रहे हैं. मेला क्षेत्र के नौ तालाबों की विशेष सफाई भी करायी जा रही है.
39,500 मानवबल करेंगे सफाई
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से लंबित कार्य समय-सीमा में पूरा करने और मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का फील्ड स्तर पर सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा. आपदा प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर देने का निर्देश है. बैठक में डीएम शशांक शुभंकर समेत संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे.
तिरंगा सजावटी लाइटों से सजेगा मेला
प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पोल पर तिरंगा सजावटी लाइट लगाई जा रही है. स्ट्रीट लाइट, हाइमास्ट, विद्युत तार, ट्रांसफॉर्मर और पावर सब-स्टेशनों के रखरखाव का काम भी जारी है.
विभिन्न पावर सब-स्टेशन एवं एलटी/एचटी लाइनों के रखरखाव, री-सैगिंग, फेंसिंग, आयरन स्ट्रक्चर पर डाइलेक्ट्रिक पेंट जारी है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा दल और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने की तैयारी है. पितृपक्ष मेला में तीर्थयात्रियों के साथ आने वाले बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है.
24×7 हेल्पलाइन व क्यूआर रिस्ट बैंड की सुविधा
बच्चों की सुरक्षा के लिए क्यूआर आधारित रिस्ट बैंड दिये जायेंगे, जिन्हें अभिभावकों के मोबाइल नंबर से लिंक किया जायेगा.
Also Read : गया जी : प्रेतशिला में पितृपक्ष मेला की तैयारी तेज, 20 दिन में श्रद्धालुओं के लिए दुरुस्त होंगी ये सुविधाएं
वहीं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 24×7 हेल्पलाइन और ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर की व्यवस्था होगी. मेला हेल्पलाइन नंबर 9266628168 जारी किया गया है. आपात स्थिति में 112 के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी तैयारी है.
सड़क व गया जी धर्मशाला निर्माण में तेजी
मेला क्षेत्र तक श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सड़क व आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है. गया जी धर्मशाला का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है. गया जी धर्मशाला के ब्लॉक-A में भी निर्माण व फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहा है.
डिजिटल माध्यमों व इंफ्लूएंसर्स से प्रचार
पितृपक्ष मेला की तैयारियों व सुविधाओं की जानकारी देश-विदेश के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया व डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है.
इंफ्लूएंसर व यूट्यूबर के माध्यम से मेला से संबंधित सकारात्मक व उपयोगी जानकारी के व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना भी तैयार की गयी है.
पेंट सिटी अभियान से निखरेगी सांस्कृतिक विरासत
मेला क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए पेंट ट सिटी जैसे रचनात्मक अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं, जिसके माध्यम से गया की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को कलात्मक रूप में प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है.
