पितृपक्ष मेला के लिए आधिकारिक लोगो के चयन हेतु जिला प्रशासन, गया द्वारा आयोजित लोगो निर्माण प्रतियोगिता के अंतर्गत प्राप्त प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ टॉप-10 लोगो का चयन किया गया.
इस अवसर पर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उत्कृष्ट एवं सृजनात्मक प्रयासों की सराहना की.
जिला पदाधिकारी का संबोधन
जिला पदाधिकारी ने संबोधन में कहा कि पितृपक्ष मेला केवल गया की पहचान ही नहीं, बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है. ऐसे प्रतिष्ठित आयोजन के लिए स्थानीय प्रतिभाओं की सहभागिता से आधिकारिक लोगो का निर्माण कराया जाना गर्व का विषय है.
उन्होंने कहा कि बच्चों की रचनात्मक सोच एवं कलात्मक अभिव्यक्ति ने इस प्रतियोगिता को विशेष बना दिया है.
प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी अपनी प्रतिभा का निरंतर विकास करने तथा विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया.
साथ ही कहा कि प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों का योगदान सराहनीय है और चयनित टॉप-10 प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता एवं सृजनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.
उपस्थित गणमान्य अधिकारी और लोग
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता, अपर जिला दंडाधिकारी, विधि व्यवस्था, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य प्रतियोगिता से जुड़े निर्णायक मंडल के सदस्य, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
Also Read : डीडीयू रेल मंडल में ट्रैफिक विभाग के 44 रेलकर्मियों का तबादला, गया जंक्शन के कई अधिकारी भी बदले
