गया जी जिले के परैया के अंचल कार्यालय परिसर में आगजनी से हुई फसल क्षति की भरपाई के लिए कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत पीड़ित किसान को चेक के माध्यम से सहायता राशि सौंपी गई.
अंचल क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर निवासी पीड़ित किसान श्री जयराम शर्मा को आगजनी में हुई फसल क्षति के एवज में 4,930 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई. यह चेक परैया की अंचलाधिकारी सलोनी करण द्वारा किसान को हस्तगत कराया गया.
चेक सौंपते हुए सीओ सलोनी करण ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित किसानों को त्वरित राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. आगजनी जैसी अनहोनी घटना से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकारी नियमानुसार सहायता राशि दी जा रही है, ताकि किसान को आर्थिक संकट से उबारने में मदद मिल सके.
किसान ने जताया आभार
अनुदान राशि का चेक प्राप्त करने के बाद पीड़ित किसान जयराम शर्मा ने अंचल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर अंचल कार्यालय के कर्मी एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशासन की इस त्वरित पहल की सराहना की.
