Neet Paper Leak Protest : नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्र युवा आंदोलन की ऐतिहासिक जीत के अवसर पर गुरुवार को आंबेडकर पार्क से टावर चौक तक ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन, इंकलाबी नौजवान सभा और भाकपा माले द्वारा संकल्प दिवस मनाते हुए संकल्प मार्च निकाला गया. यह मार्च आंबेडकर पार्क से निकलकर जीबी रोड होते टावर चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया.
मार्च में शामिल लोग सभी मुकदमे वापस लेने, सभी गिरफ्तार आंदोलनकारियों को तत्काल रिहा करने, शिक्षा परीक्षा में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष तेज करने से संबंधित नारेबाजी कर रहे थे. सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला सचिव निरंजन कुमार ने कहा कि छात्र युवा आंदोलन के व्यापक दबाव के आगे झुकते हुए बिहार सरकार ने यह घोषणा की है कि 26 जुलाई की शाम छह बजे तक छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे. यह छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष की एक महत्वपूर्ण जीत है.
उन्होंने कहा कि केवल हालिया छात्र आंदोलन ही नहीं, बल्कि नालंदा के नगरनौसा सहित हाल के दिनों में छात्र युवाओं के विभिन्न लोकतांत्रिक आंदोलनों के दौरान दर्ज किये गये सभी मुकदमे भी बिना शर्त वापस लिए जाएं. लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग करने वाले छात्रों और युवाओं को अपराधी की तरह पेश करना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है.
इंकलाबी नौजवान सभा राज्य उपाध्यक्ष तारिक अनवर ने कहा कि भाजपा सरकार का रिकॉर्ड वादाखिलाफी का रहा है. वह अक्सर घोषणा कुछ करती है और अमल कुछ और करती है. छात्र युवा आंदोलन की यह एकजुटता ही सरकार को अपने वादे निभाने के लिए बाध्य करेगी. हमलोग लोकतांत्रिक आंदोलनों पर दमन और फर्जी मुकदमों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे तथा छात्र युवाओं के न्यायपूर्ण संघर्ष में हर कदम पर उनके साथ खड़े रहेंगे.
कार्यक्रम में भाकपा माले जिला सचिव निरंजन कुमार, माले नगर प्रभारी सह इंकलाबी नौजवान सभा राज्य उपाध्यक्ष तारिक अनवर, आइसा राज्य परिषद सदस्य मो शेरजहां, रामचंद्र प्रसाद, आर्यन राज, मो शाकिब, अशोक मांझी, साबिर खान, शहरे आलम, जीतू यादव सहित कई अन्य शामिल थे.
