राज्य स्तरीय बिहार एवं झारखंड राष्ट्रीय सेवा योजना सम्मेलन-2026 में मगध विश्वविद्यालय (MU) की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) ने अपनी उत्कृष्ट गतिविधियों एवं प्रभावी कार्यप्रणाली के माध्यम से एक विशिष्ट और उल्लेखनीय पहचान स्थापित की है.
इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में बिहार राज्य को दो समूहों में विभाजित किया गया था, जिसमें एक समूह में शामिल आठ विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों का प्रतिनिधित्व करते हुए मगध विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने विश्वविद्यालय की एक वर्ष की एनएसएस गतिविधियों, नवाचारों एवं सफल उपलब्धियों का बेहद प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया.
डॉ. पिंटू कुमार ने सम्मेलन में मगध विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा वर्षभर संचालित विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों, युवा जागरूकता, नशा मुक्ति, तिरंगा सम्मान यात्रा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण तथा विभिन्न राष्ट्रीय अभियानों में स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया.
उनके इस बेहतरीन प्रस्तुतीकरण एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना सम्मेलन में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों द्वारा खुले दिल से की गई.
झारखंड और बिहार के समन्वयक हुए शामिल
इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में बिहार एवं झारखंड के विभिन्न राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयकों के साथ-साथ जिला स्तर पर उत्कृष्ट एवं प्रभावी गतिविधियां संचालित करने वाले चुनिंदा कार्यक्रम पदाधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की. इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों के आदान-प्रदान, नए नवाचारों तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
मगध विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. पिंटू कुमार के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल में गया से राजेश कुमार मिश्रा, जहानाबाद से डॉ. प्रीति रानी, नवादा से डॉ. संजय कुमार चौहान तथा औरंगाबाद से डॉ. सुस्मिता कर ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई. प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों ने अपने-अपने जिलों में राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से चलाए जा रहे सामाजिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं.
प्रमाण-पत्र देकर प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना निदेशालय, नई दिल्ली एवं क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में उत्कृष्ट गतिविधियों और प्रभावी सहभागिता के लिए प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया.
मगध विश्वविद्यालय के लिए यह बड़ी उपलब्धि अत्यंत गौरव का विषय है. राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विश्वविद्यालय के युवा स्वयंसेवक न केवल अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं, बल्कि ‘युवा शक्ति से सामाजिक परिवर्तन’ की भावना को भी पूरी तरह सशक्त कर रहे हैं.
राज्य स्तरीय मंच पर विश्वविद्यालय की इन शानदार गतिविधियों की सराहना ने मगध विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की सक्रियता, प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता को एक नई और ऊंची पहचान प्रदान की है.
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दिलीप कुमार केशरी, कुलसचिव डॉ. बी.के. मंगलम के साथ-साथ विश्वविद्यालय के तमाम पदाधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा छात्र प्रतिनिधियों ने अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं.
