मगध विश्वविद्यालय में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

मगध विश्वविद्यालय ने मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना के सहयोग से एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया. इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय समुदाय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना था.

मगध विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर गृह विज्ञान विभाग एवं आइक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का आयोजन गृह विज्ञान विभाग परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक किया गया. इस स्वास्थ्य शिविर में मेदांता अस्पताल से आये विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रतिभागियों का वजन, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), रैंडम ब्लड शुगर, ऑक्सीजन स्तर, इसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया.

शिविर में मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी व विद्यार्थियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराया. इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर के आसपास स्थित गांवों से भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया.

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया. कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छ जीवनशैली तथा समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के प्रति जागरूक किया.

विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से अनेक गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे उनका प्रभावी उपचार संभव हो पाता है. स्नातकोत्तर गृह विज्ञान विभाग एवं आइक्यूएसी ने इस जनहितकारी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मेदांता अस्पताल की चिकित्सकीय टीम, विश्वविद्यालय प्रशासन तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय समुदाय एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना रहा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kalendra pratap singh

Published by: Anjani Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >