गया जी : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई करते हुए गया जंक्शन से एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान झारखंड के पंचगढ़ी थाना क्षेत्र निवासी अरविंद कुमार सिंह के रूप में की गयी है.
आरोपित के पास से चोरी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बतायी गयी है. आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि उपनिरीक्षक रंधीर कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ, सीडीपीएस और जीआरपी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गश्त कर रही थी.
इसी दौरान दिल्ली एंड पार्सल कार्यालय के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखा. पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और घबराने लगा. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली.
आरपीएफ ने आरोपी और बरामद मोबाइल को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जीआरपी थाना गया के हवाले कर दिया. जीआरपी ने कांड संख्या 187/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) के तहत मामला दर्ज किया है.
यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को देने की अपील की गयी है.
