शेरघाटी (गया जी) से नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
LLB Student Divya Murder Case : गया जी के शेरघाटी कोर्ट में वकालत सीख रही कानून की छात्रा दिव्या कुमारी पासवान की हत्या के मामले में एक बड़ा मोड़ आया है. मौत से पहले दिव्या का रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में दिव्या ने साफ कहा था कि उसे अपने प्रेमी राहुल कुमार और उसके परिवार से जान का खतरा है. अब यह वीडियो सामने आने के बाद मृतका के परिवार और आम लोगों में इंसाफ की मांग को लेकर गुस्सा बहुत बढ़ गया है.
प्यार का नाटक और शारीरिक शोषण का आरोप
वीडियो में दिव्या यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि राहुल कुमार ने पिछले दो वर्षों तक प्यार का झूठा नाटक किया और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. जब दिव्या ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो वह साफ मुकर गया और तैयार नहीं हुआ.
दिव्या ने रोते हुए आरोप लगाया कि जब उसने अपने अधिकारों और न्याय की मांग की, तो राहुल और उसके परिजनों द्वारा उस पर और उसके परिवार पर लगातार मानसिक दबाव बनाया गया. साथ ही उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास भी किया गया.
दिव्या ने बेहद भावुक और डरे हुए लहजे में कहा कि यदि भविष्य में उसके साथ या उसके परिवार के किसी भी सदस्य के साथ कोई अनहोनी या अनपेक्षित घटना होती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर राहुल कुमार और उसका पूरा परिवार जिम्मेदार होगा.
गवाही से ठीक पहले हुई हत्या
मृतका की बहन पूनम के अनुसार, अगले सप्ताह गयाजी के एससी-एसटी (SC-ST) कोर्ट में राहुल के खिलाफ दर्ज कराए गए पुराने मामले में दिव्या की गवाही होने वाली थी. परिजनों का सीधा आरोप है कि इस गवाही को रोकने के उद्देश्य से ही सोची-समझी साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई.
इस मामले से जुड़ी ये खबरें पढ़ें :
बिहार की LLB छात्रा की झारखंड में मिली लाश, परिवार ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
LLB छात्रा का शव बरामदगी मामले में परिजनों का आरोप- गवाही रोकने के लिए हुई हत्या
लॉ कॉलेज के छात्र हुए गोलबंद
इधर, झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र से दिव्या का शव बरामद होने के बाद से ही पूरे शेरघाटी और डोभी इलाके में शोक और भारी आक्रोश का माहौल व्याप्त है. रविवार को डोभी प्रखंड के अच्छमा गांव में मृतका दिव्या का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इसके बाद विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया. इस जघन्य हत्याकांड को लेकर गया के अनुग्रह मेमोरियल (एएम) लॉ कॉलेज के छात्र भी अब एकजुट और गोलबंद होने लगे हैं.
बिहार और झारखंड पुलिस संयुक्त रूप से कर रही जांच
इस हाई-प्रोफाइल मामले की तफ्तीश बिहार और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीमें मिलकर कर रही हैं. शेरघाटी थाने में दिव्या की मां उर्मिला देवी की लिखित शिकायत पर बीते 26 जून को ही आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ अपहरण का नामजद मामला दर्ज किया गया था. आरोपी राहुल शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ी गांव का रहने वाला है और वह शेरघाटी थाने के ठीक सामने एक रेस्टोरेंट चलाता है.
शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि चूंकि शव झारखंड के हंटरगंज क्षेत्र से बरामद हुआ है, इसलिए हत्या के मामले की जांच वहां की पुलिस कर रही है, जबकि बिहार पुलिस भी अपने स्तर से मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
क्या है पूरा मामला?
- लॉ छात्रा का लापता होना: गया जिले के डोभी प्रखंड (अक्षमा गांव) की रहने वाली कानून की छात्रा दिव्या कुमारी पिछले चार दिनों से अचानक लापता हो गई थी.
- खदान से शव बरामद: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज इलाके में, जजलो गांव के पास एक पुराने खदान के गड्ढे से पुलिस ने दिव्या का शव बरामद किया. उसकी पहचान चमारी पासवान की बेटी के रूप में हुई.
- होटल संचालक पर आरोप: मृतका की मां उर्मिला देवी ने शेरघाटी के नई बाजार में होटल चलाने वाले एक युवक पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है. मां के अनुसार, आरोपी युवक 24 जून 2026 को दिव्या को कौलेश्वरी पहाड़ ले गया था और बाद में दोबारा फोन पर धमकाकर बाहर बुलाया, जिसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया था.
Also Read : युवक के बुलावे पर घर से निकली LLB छात्रा, मोबाइल हुआ स्विच ऑफ; 4 दिन बाद झारखंड की माइंस में मिला शव
