Gaya Ji News : गया जी के शेरघाटी थाना क्षेत्र के मंझार गांव में बुधवार को निर्माण कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मलबे में दबकर दुखद मौत हो गई. मृतक की पहचान मंझार गांव के ही रहनेवाले मल्लू मांझी के पुत्र 68 वर्षीय कौलेश्वर मांझी के रूप में की गई है.
जानकारी के अनुसार, कौलेश्वर मांझी बुधवार को गांव के ही रउफ मियां के घर पर चल रहे निर्माण कार्य में दैनिक मजदूरी करने के लिए गए थे. काम के दौरान अचानक एक भारी दीवार भरभराकर सीधे उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह पूरी तरह से मलबे में दब गए.
मलबे से निकालने से पहले ही टूट गईं सांसें
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों और अन्य मजदूरों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मलबे को हटाकर उन्हें बाहर निकालने और बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि जब तक उन्हें मलबे से बाहर निकाला जाता, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मंझार गांव में सन्नाटा पसर गया और मातम का माहौल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष एवं पड़ोसी गांव के निवासी मनोज मांझी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि कौलेश्वर मांझी दिन-रात मेहनत-मजदूरी कर अपने गरीब परिवार का भरण-पोषण करते थे.
उनकी इस असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इधर, हादसे की आधिकारिक सूचना मिलने पर शेरघाटी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.
