Rail News: कोडरमा से वैशाली जाने वाली गाड़ी संख्या 63384 कोडरमा-वैशाली सुपरफास्ट मेमू एक्सप्रेस रविवार को तकनीकी खराबी के कारण गया जंक्शन पर 2 घंटा 15 मिनट विलंब से पहुंची. ट्रेन के गया पहुंचते ही रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम ने तुरंत खराबी की जांच शुरू कर दी. यात्रियों को आगे की यात्रा में अधिक परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन द्वारा तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई.
प्लेटफॉर्म 4 पर ली गई खराब ट्रेन, प्लेटफॉर्म 5 से खुला दूसरा रैक
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मुख्य ट्रेन में आई तकनीकी खराबी को देखते हुए यात्रियों को समय से गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी रैक की व्यवस्था की गई. इसके तहत खराबी वाली ट्रेन को गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर खड़ा किया गया, जबकि वैशाली जाने वाले यात्रियों के लिए दूसरी वैकल्पिक रैक को प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर लगाकर रवाना किया गया. रेलवे की इस त्वरित पहल से यात्रियों को ज्यादा देर तक जंक्शन पर इंतजार नहीं करना पड़ा और यात्रियों को काफी सहूलियत मिली.
बीच रास्ते ट्रेन में यात्रियों ने किया हंगामा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोडरमा से ट्रेन खुलने के कुछ ही देर बाद जब ट्रेन में खराबी आ गई और ट्रेन बीच रास्ते रुक-रुक कर चलने लगी, तो स्थिति स्पष्ट न होने के कारण यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया. यात्रियों का कहना था कि शुरुआत में उन्हें खराबी के बारे में सही जानकारी नहीं दी जा रही थी. हालांकि, बाद में जब रेलवे द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई कि गया जंक्शन पर आगे जाने के लिए दूसरी रैक की व्यवस्था की गई है, तब जाकर यात्री शांत हुए.
रेलवे की त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था से मिली राहत
गया जंक्शन पर दूसरी रैक से ट्रेन को वैशाली के लिए रवाना किए जाने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली. अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए संबंधित मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारी जांच में जुटे हैं. यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सामान्य परिचालन को बनाए रखने के लिए स्टेशन पर आवश्यक इंतजाम किए गए थे.
