मृत्युंजय तिवारी पार्टी समर्पित नेता, लेकिन राजद में किसी की इज्जत नहीं - सांसद जीतन राम मांझी

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने महकार गांव में अपने पूर्वजों की प्रतिमाओं का अनावरण करते हुए भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राजद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी में किसी की इज्जत नहीं होती।

गया जी के खिजरसराय प्रखंड के महकार गांव में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमइ) मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने पूर्वजों की स्मृति में स्थापित प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया. उन्होंने अपने पिता स्व रामजीत मांझी, माता स्व सुकरी देवी, छोटे भाई स्व. गोविंद प्रसाद व भावज स्व सुंदरी देवी की प्रतिमाओं का अनावरण करने के बाद माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.

इस अवसर पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे. प्रतिमा अनावरण के बाद अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि माता-पिता से बड़ा कोई भगवान नहीं. जन्म से लेकर बेहतर परवरिश देना व अच्छा कर्म देने का कार्य करते हैं. उन्होंने कहा छोटे भाई ने न सिर्फ आर्थिक रूप से संबल बनाया बल्कि मोड़ पर उन्हें सहयोग किया. आज मैं जिस पद पर हूं उसकी अपेक्षा भी नहीं थी. कई पदों पर रहते हुए जनता की सेवा करने का अवसर मिला.

इसके लिए माता-पिता के साथ भाई व भावज की भूमिका अहम रही है. इतना कहते-कहते वह भावुक हो गये और आंखें डबडबा गयीं. माता-पिता ने कठिन परिस्थितियों में रहकर उनका पालन-पोषण किया और संघर्ष का पाठ पढ़ाया.उन्हीं के त्याग, संस्कार और आशीर्वाद के कारण वह विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री और आज केंद्रीय मंत्री के पद तक पहुंच सके.अपने छोटे भाई और भावज को याद करते हुए उन्होंने कहा कि एक दुर्घटना के समय परिवार ने उनके इलाज के लिए अपने जेवर तक बेच दिए थे. उस त्याग को वह जीवनभर नहीं भूल सकते.

कार्यक्रम के बाद राजनीतिक चर्चा के दौरान जीतन राम मांझी ने बांकीपुर विधानसभा सीट से जीत का दावा किया. वहीं राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उस पार्टी में किसी की इज्जत नहीं होती. उन्होंने कहा कि वह स्वयं उस दल में रह चुके हैं, इसलिए वहां की स्थिति से भलीभांति परिचित हैं.

दक्षिण बिहार में सूखे की स्थिति पर उन्होंने कहा कि यह प्राकृतिक समस्या है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए सोन नदी का पानी निरंजना व फल्गु नदी तक लाने की योजना पर काम चल रहा है. उन्होंने दावा किया कि गया के निकट बराज निर्माण और नहर परियोजना से दक्षिण बिहार को सूखे से राहत मिलेगी.

साथ ही उन्होंने कहा कि जिस तरह पटना में मरीन ड्राइव बना है, उसी तरह भविष्य में गया में भी मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जायेगा. इस अवसर पर उनके पुत्र एवं बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन, हम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री डॉ अनिल कुमार, विधायक रोमित कुमार, बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी, उनकी बहू इमामगंज विधायक दीपा कुमारी, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी.

सांसद डॉ सुरेंद्र यादव, डॉ अरुण कुमार, जिलाध्यक्ष सिगबतुल्लाह खा उर्फ टूटू खां, राष्ट्रीय महासचिव राजेश कुमार पांडेय, गया कॉलेज के पूर्व प्राचार्य दिनेश प्रसाद सिन्हा, जदयू जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा, कुंडल वर्मा, असद परवेज उर्फ कमांडर, अनिल यादव, लालजी प्रसाद, जिला पर्षद अध्यक्ष नैना कुमारी, उपाध्यक्ष डॉ शीतल प्रसाद यादव, जदयू नेता इकबाल हुसैन, पूर्व जिला पार्षद मुकेश यादव सहित अन्य मौजूद कई वरिष्ठ नेता, विधायक, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kr sinha

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >