गया जी के गुरुआ प्रखंड परिसर स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि एवं अन्य स्थानीय विवादों के समाधान को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) मनीष कुमार ने की.
जनता दरबार में प्रखंड व अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं.
2 मामलों का ऑन द स्पॉट हुआ निपटारा
मामले के संबंध में जानकारी देते हुए गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि शनिवार को आयोजित जनता दरबार में कुल 8 विवादित मामले प्राप्त हुए.
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की सहमति, उपलब्ध दस्तावेजों एवं आवश्यक जांच के आधार पर 2 मामलों का मौके पर ही निष्पक्ष तरीके से निष्पादन कर दिया गया, जिससे संबंधित पक्षों को तुरंत राहत मिली.
शेष 6 मामलों में अगले दरबार के लिए नोटिस जारी
थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि शेष 6 मामलों में दूसरे पक्ष या आवश्यक साक्ष्यों की कमी के कारण सुनवाई पूरी नहीं हो सकी. उन मामलों से संबंधित पक्षों को आवश्यक दस्तावेज एवं साक्ष्य के साथ अगली निर्धारित तिथि को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है, ताकि सभी मामलों का विधिसम्मत तरीके से निपटारा किया जा सके.
अधिकारियों ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान कर लोगों को न्याय दिलाना है. इस अवसर पर अंचल एवं थाना पुलिस के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे.
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
