गया जी के इमामगंज प्रखंड की बिकोपुर पंचायत में विवाह मंडप निर्माण की योजना शिलान्यास के करीब एक साल बाद भी धरातल पर नहीं उतर सकी है. विभागीय प्रक्रिया में योजना अटकने से पंचायत के ग्रामीणों में काफी आक्रोश है.
पंचायती राज विभाग बिहार सरकार की ओर से प्रखंड की 15 पंचायतों में प्रथम चरण में विवाह मंडप निर्माण के लिए बिकोपुर पंचायत का चयन किया गया था.
शिलान्यास के बाद निर्माण ठप
बताया गया कि एक अक्टूबर 2025 को बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने योजना का शिलान्यास किया था, जिसका शिलान्यास पट्ट भी लगा हुआ है. ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे शादी-ब्याह में फिजूलखर्च बचेगा. लेकिन करीब एक साल बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है.
तकनीकी स्वीकृति में अटका मामला
इस संबंध में मुखिया प्रतिनिधि छोटन खान ने बताया कि एक्जीक्यूटिव इंजीनियर द्वारा टीएस (तकनीकी स्वीकृति) नहीं किए जाने के कारण योजना लंबित है.
अभियंत्रण कॉलेज से प्रक्रिया जारी
वहीं एक्जीक्यूटिव इंजीनियर राजेश कुमार ने बताया कि विवाह मंडप के रूपांकन का तकनीकी अनुमोदन अभियंत्रण कॉलेज से प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है.
एक सप्ताह में प्रगति का दावा
इंजीनियर ने आश्वासन दिया कि अनुमोदन प्राप्त होते ही जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा और एक सप्ताह के अंदर कार्य की प्रगति दिखाई देने लगेगी.
