गयाजी के जलापूर्ति केंद्र पर डकैतों का हमला, फायरिंग कर ले गए लाखों के उपकरण, पानी सप्लाई भी ठप

Gayaji News: गयाजी के दांडीबाग स्थित जिला जलापूर्ति केंद्र में गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने हमला बोल दिया. बदमाश फायरिंग करते हुए लाखों रुपये मूल्य के उपकरण और कॉपर तार लूटकर फरार हो गए.

गयाजी से जितेंद्र मिश्रा की रिपोर्ट
Gayaji News:
गयाजी के दांडीबाग स्थित जिला जलापूर्ति केंद्र में गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने हमला बोल दिया. बदमाश फायरिंग करते हुए लाखों रुपये मूल्य के उपकरण और कॉपर तार लूटकर फरार हो गए. घटना के विरोध में कर्मचारियों ने टैंकर से होने वाली जलापूर्ति बंद कर दी है, जिससे शहर के कई इलाकों में जल संकट गहराने की आशंका पैदा हो गई है.

आधी रात 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने बोला धावा

कर्मचारियों के अनुसार गुरुवार रात करीब 12 बजे 10 से 12 हथियारबंद अपराधी जिला जलापूर्ति केंद्र में घुस आए. बदमाशों ने परिसर में रखे पीतल के नल, कॉपर तार और अन्य महंगे उपकरणों को लूटना शुरू कर दिया. जब कर्मचारियों ने विरोध किया तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई.

फायरिंग सुन जान बचाकर भागे कर्मचारी

अचानक हुई फायरिंग से केंद्र में मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई. अपनी जान बचाने के लिए कर्मचारी इधर-उधर भाग खड़े हुए. इस दौरान अपराधी आराम से सामान समेटते रहे और पुलिस के पहुंचने से पहले अधिकांश उपकरण लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है.

पहले भी हो चुकी करोड़ों की चोरी

कर्मचारियों का कहना है कि इससे पहले भी इसी केंद्र से करोड़ों रुपये मूल्य के कॉपर तार और अन्य सामान की चोरी हो चुकी है. इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया. कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार घटनाएं होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया.

टैंकर से पानी सप्लाई बंद

डकैती की घटना और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के विरोध में कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह से टैंकरों के माध्यम से होने वाली जलापूर्ति रोक दी. शहर के करीब 30 जल संकट प्रभावित क्षेत्रों में इसी टैंकर व्यवस्था के जरिए पानी पहुंचाया जाता है. ऐसे में लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है.

अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद भी सुबह तक नगर निगम या बुडको के कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे. इससे कर्मचारियों में नाराजगी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और लूटे गए सामान का आकलन किया जा रहा है.

Also Read: गयाजी में बेकाबू पिकअप का कहर, कई बाइक सवारों को रौंदा, आक्रोशित भीड़ ने वाहन को फूंका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi Kumari

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >