Gayaji News: (बांकेबाजार से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट)
बांकेबाजार के लुटुआ थाना पुलिस ने मादक पदार्थ अफीम की अवैध खेती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर पुलिस ने तीनों आरोपितों को दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद उनसे थाने में पूछताछ की जा रही है.
अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर दबोचे गए आरोपित
लुटुआ थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में छबनिया गांव निवासी राजेंद्र सिंह भोक्ता, सोनदाहा गांव निवासी सहेंद्र भुइयां और डुमरी गांव निवासी कमल परहिया शामिल हैं. तीनों के खिलाफ अफीम की अवैध खेती करने के मामले में कार्रवाई चल रही थी और पुलिस को उनकी लंबे समय से तलाश थी.
जंगल और दुर्गम इलाकों का उठा रहे थे फायदा
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पहले भी कई बार छापेमारी अभियान चलाया गया था. लेकिन थाना क्षेत्र के जंगलों और दुर्गम इलाकों का लाभ उठाकर वे पुलिस की पकड़ से बच निकलते थे. इसी बीच सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि तीनों अलग-अलग स्थानों पर मौजूद हैं.
गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए छापेमारी अभियान चलाया. अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.
पूछताछ में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों से थाने में पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के दौरान अफीम की खेती से जुड़े अन्य पहलुओं और इसमें शामिल संभावित लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास भी जारी हैं.
Also Read: गयाजी में ज्वेलरी दुकानों में एसएसपी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों की समीक्षा
