गयाजी से अमिताभ रंजन और संजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
Gayaji News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गयाजी जिले के खिजरसराय प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव महकार में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उन्होंने संगठन विस्तार और एमएलसी सीट की मांग को लेकर राजनीतिक संकेत भी दिए. साथ ही एमएलसी चुनाव में एक सीट पर दावा भी किया. मांझी ने दावा किया है कि अगर सीट उनकी पार्टी को मिली तो इसका फायदा एनडीए को भी होगा.
मानवता की सुरक्षा के विए वृक्षारोपण जरुरी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने पैतृक गांव महकार में पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मानवता की सुरक्षा के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है. कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया गया.
‘रामजीत मांझी वाटिका’ का किया नामकरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से प्रेरित होकर महकार गांव में ‘रामजीत मांझी वाटिका’ का निर्माण कराया गया है. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यहां करीब 18 पौधे लगाए गए. मांझी ने कहा कि पौधे केवल लगाने से काम नहीं चलेगा, उनकी सुरक्षा और देखभाल भी उतनी ही जरूरी है.
पर्यावरण संकट पर जताई चिंता
जीतन राम मांझी ने कहा कि देश में हरित क्षेत्र का प्रतिशत लगातार घट रहा है, जिससे पर्यावरणीय असंतुलन और वर्षा चक्र पर असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण जरूरी है. आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी.
प्रदेश अध्यक्ष और विधायक समेत कई नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में अनिल कुमार सिंह, रोमित कुमार सहित पार्टी के कई नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों द्वारा एनडीए में एमएलसी सीट की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी का प्रदर्शन कई सहयोगी दलों से बेहतर रहा है. उन्होंने दावा किया कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी का स्ट्राइक रेट और वोट प्रतिशत मजबूत रहा है.
एक एमएलसी सीट से मजबूत होगा संगठन
मांझी ने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए एक एमएलसी सीट की मांग की है. उनका कहना था कि यदि पार्टी को एमएलसी सीट मिलती है तो इसका फायदा केवल पार्टी को नहीं, बल्कि पूरे एनडीए गठबंधन को होगा. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी गरीबों, महिलाओं, छात्रों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को मजबूती से उठाती रही है. उन्होंने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की पकड़ बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा.
पर्यावरण और राजनीति दोनों पर केंद्रित रहा कार्यक्रम
महकार गांव में आयोजित यह कार्यक्रम केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा. एक ओर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर जीतन राम मांझी ने संगठन विस्तार और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर अपने इरादे भी स्पष्ट कर दिए. इससे कार्यक्रम को पर्यावरणीय और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
