वजीरगंज. गया जिले के वजीरगंज प्रखंड के कारी पंचायत स्थित नारायणपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक हैरान करने वाली घटना सामने आई. गांव निवासी स्व. राजो राजवंशी के 14 वर्षीय नाती अंकित कुमार घर में डांट-फटकार के बाद नाराज होकर गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित 1.33 लाख वोल्ट क्षमता वाली बिजली लाइन के करीब 100 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़ गया. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
ग्रामीणों और मुखिया के समझाने पर माना किशोर
टावर पर चढ़े अंकित को नीचे उतरने के लिए पंचायत की मुखिया रेखा देवी, चौकीदार विजय राजवंशी, स्नेही सिंह, कामता सिंह, ललन राजवंशी, उपेन्द्र राजवंशी समेत कई ग्रामीणों ने काफी देर तक समझाया. इस दौरान अंकित ने कहा कि जब तक उसे मोबाइल नहीं मिलेगा, वह नीचे नहीं उतरेगा. इसके बाद मुखिया ने उसे अपना मोबाइल देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया.
करीब एक घंटे तक सांसें थामे रहे ग्रामीण
अंकित के टावर पर चढ़े रहने के दौरान पूरे गांव के लोग चिंतित रहे. सभी की नजरें टावर पर टिकी थीं और किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी. किशोर के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. लोगों ने समाजसेवियों और ग्रामीणों की सूझबूझ की भी सराहना की.
डांट-फटकार के बाद उठाया कदम
मुखिया पति विजय राजवंशी ने बताया कि अंकित दो दिन पहले अपने घर बेगूसराय से बिना बताए अकेले ननिहाल नारायणपुर आ गया था. उसकी तलाश करते हुए उसकी मां भी गांव पहुंची थीं. इसी बात को लेकर परिजनों ने उसे डांट-फटकार लगाई थी. घटना के बाद मुखिया और गांव के लोगों ने घंटों तक अंकित को समझाया और भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाने की सलाह दी.
